रायगढ़ कार्बन प्लांट हादसे में चौथी मौत, मालिक पर FIR
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित बानीपाथर में संचालित मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण हादसे ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया है. 5 फरवरी को हुए इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से झुलसे साहेब लाल खड़िया (45) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या अब चार हो गई है.
मरने वालों में साहेब लाल का बेटा शिव खड़िया (27) और उनकी महज 9 माह की मासूम पोती भूमि खड़िया भी शामिल है. इसके अलावा एक अन्य श्रमिक इंदीवर सारथी (19) की भी मौत हो चुकी है.
हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि मासूम भूमि की मां उदासिनी भी बुरी तरह झुलसी हुई हैं और अस्पताल के बेड पर अपने पति, ससुर और कलेजे के टुकड़े को खोने के गम में सुध-बुध खो बैठी हैं.
हादसे की असल वजह प्लांट प्रबंधन की भारी लापरवाही मानी जा रही है. बताया जा रहा है कि पुराने टायरों को गलाकर काला तेल (तारकोल) निकालने वाली इस यूनिट में फर्नेस (भट्ठी) को पूरी तरह ठंडा किए बिना ही उसका ढक्कन खोल दिया गया. अत्यधिक दबाव और गर्म गैसों के कारण ऑक्सीजन के संपर्क में आते ही जोरदार विस्फोट हुआ और आग की लपटों ने वहां मौजूद मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया.
श्रमिक सुरक्षा के मानकों की अनदेखी का आलम यह था कि मजदूरों के पास न तो आग से बचाने वाले विशेष कपड़े थे और न ही अन्य सुरक्षा उपकरण, जिसके कारण वे 70 से 90 प्रतिशत तक झुलस गए.
इस हृदयविदारक घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-49 पर चक्काजाम भी किया था. प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मृतकों के परिजनों के लिए करीब 12-12 लाख रुपये के मुआवजे और बच्चों की पढ़ाई का खर्च कंपनी द्वारा उठाए जाने की बात सामने आई है.
पुलिस ने इस मामले में पहले ही मुख्य प्रबंधक और प्रबंधक पर एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन अब जांच के बाद प्लांट के मालिक अविनाश गर्ग के खिलाफ भी लापरवाही से मौत की धारा बीएनएस 106(1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. वर्तमान में तीन अन्य घायलों का रायपुर में इलाज जारी है, जिनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है.