छत्तीसगढ़: 335 ठिकानों पर छापेमारी, 3841 गैस सिलेंडर जब्त
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य में ईंधन की उपलब्धता और वितरण प्रणाली की समीक्षा की. मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद पिछले दो हफ्तों में राज्य भर के 335 स्थानों पर सघन छापेमारी की गई, जिसमें जमाखोरी के आरोप में 3,841 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं.
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और केंद्र सरकार ने भी निरंतर आपूर्ति का आश्वासन दिया है.
मुख्यमंत्री साय ने अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे, भारत सरकार की संस्थाओं, सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित संस्थानों और एयरपोर्ट कैंटीनों में गैस आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए.
बैठक में एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश में गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति नियमित रूप से जारी है. गैस सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग सामान्य रूप से संचालित है.
उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए 45 दिन तथा सामान्य गैस कनेक्शन के लिए 25 दिन की समय सीमा निर्धारित है और वर्तमान में उसी अंतराल के अनुसार बुकिंग की जा रही है. पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन में भी किसी प्रकार की बाधा नहीं है और पूरे प्रदेश में स्थिति सामान्य है.
उन्होंने अधिकारियों को सीमावर्ती चौकियों पर कड़ी निगरानी रखने और जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. आम जनता में भ्रम न फैले, इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं.
साथ ही, पेट्रोल और डीजल को खुले कंटेनरों में बेचने पर रोक लगा दी गई है. मुख्यमंत्री ने नागरिकों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक तक आवश्यक सेवाओं की समय पर पहुंच सुनिश्चित करना हैत