छत्तीसगढ़: झोलाछाप के इलाज से गर्भवती की मौत, बिना जांच के हुआ दाह संस्कार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक 26 वर्षीय गर्भवती महिला को अपनी जान गँवानी पड़ी. मृतक महिला की पहचान इंदु साहू के रूप में हुई है, जो चार महीने की गर्भवती थी.
बताया जा रहा है कि सर्दी-खांसी की शिकायत होने पर वह छेरकाडीह जारा गाँव के एक स्वघोषित डॉक्टर जयंत साहू के क्लिनिक गई थी. जयंत साहू, जो उसी गाँव का सरपंच भी है, ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि उसके पास कोई डॉक्टरी डिग्री नहीं है और वह पिछले 17 वर्षों से बिना किसी औपचारिक योग्यता के लोगों का इलाज कर रहा है.
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्लिनिक में इलाज के दौरान इंदु की तबीयत अचानक बिगड़ गई. कथित तौर पर इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही देर बाद उसे उल्टियाँ होने लगीं और वह बेहोश होकर गिर पड़ी.
आनन-फाणन में उसे पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पलारी बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि जब महिला को अस्पताल लाया गया, तो उसके नाक से खून और झाग निकल रहा था, जो किसी गंभीर मेडिकल इमरजेंसी या गलत दवा के रिएक्शन का संकेत है.
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर मामले में अब तक कोई पुलिस केस दर्ज नहीं हुआ है. अस्पताल में करीब चार घंटे तक चली चर्चा के बाद, परिजनों ने लिखित आवेदन देकर पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और उसी शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया. बिना फॉरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम के शव जला दिए जाने से मौत के असली कारणों पर पर्दा पड़ गया है.
राज्य में झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा गलत इलाज के कारण होने वाली यह कोई पहली मौत नहीं है; इससे पहले भी बालोद और जांजगीर-चांपा जैसे जिलों में इंजेक्शन के गलत इस्तेमाल से मरीजों की जान जाने के मामले सामने आ चुके हैं.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि गाँवों में एमबीबीएस डॉक्टरों की कमी और स्वास्थ्य केंद्रों की दूरी के कारण लोग इन 'झोलाछाप' डॉक्टरों के जाल में फंसने को मजबूर हैं. फिलहाल, बिना एफआईआर के इस मामले में किसी भी कानूनी कार्रवाई की संभावना कम नजर आ रही है, जिसने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.