रायपुर में पुलिस आयुक्त प्रणाली 23 जनवरी से
रायपुर । संवाददाता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए. इस बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 23 जनवरी से 'पुलिस आयुक्त प्रणाली' (Police Commissioner System) लागू करना रहा. इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी का एक नया पद भी सृजित किया गया है.
आर्थिक मोर्चे पर सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में वर्ष 2026 हेतु 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी के लिए राज्य शासन की गारंटी देने का निर्णय लिया है. साथ ही, कोदो-कुटकी और रागी जैसी लघु वनोपजों के प्रसंस्करण और विपणन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ को कार्यशील पूंजी और 30 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण देने की अनुमति दी गई है.
राज्य के अंत्यावसायी निगमों पर कर्ज का बोझ कम करने के लिए सरकार ने 55.69 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान कर पांच राष्ट्रीय निगमों का पूरा ऋण चुकाने का ऐतिहासिक फैसला किया है, जिससे भविष्य में करोड़ों रुपये के ब्याज की बचत होगी.
औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्र को गति देने के लिए मंत्रिपरिषद ने औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में संशोधन किया है और राइस मिलर्स द्वारा दी जाने वाली बैंक गारंटी पर स्टाम्प शुल्क को 0.25 से घटाकर 0.05 प्रतिशत कर दिया है. इसके अतिरिक्त, उसना मिलिंग पर प्रोत्साहन राशि को दोगुना कर 40 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है.
आम नागरिकों और ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बड़ी राहत देते हुए सरकार ने रायपुर में आयोजित होने वाले 9वें ऑटो एक्सपो के दौरान खरीदे जाने वाले वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की भारी छूट देने का ऐलान किया है.