छत्तीसगढ़ में फार्मेसी शिक्षा की राह और मुश्कल हुई
छत्तीसगढ़ में फार्मेसी शिक्षा की चुनौती
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में फार्मेसी शिक्षा को एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. राज्य में कई प्रतिष्ठित संस्थानों और प्रतिभाशाली शिक्षकों व छात्रों के बावजूद, फार्मास्युटिकल उद्योगों की कमी के कारण छात्रों को औद्योगिक प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है. इसका सीधा असर छात्रों और शिक्षकों की उत्पादन क्षेत्र में योगदान देने की क्षमता पर पड़ रहा है.
छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के पूर्व रजिस्ट्रार और बिलासपुर की केंद्रीय यूनिवर्सिटी में फार्मास्युटिकल साइंसेज के प्रोफेसर डॉ. शेखर वर्मा ने फार्माबिज को बताया कि राज्य में फार्मा उद्योगों की कमी एक बड़ी समस्या है, हालांकि लेबलिंग और पैकेजिंग इकाइयां अधिक हैं, जहां छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में पर्याप्त पानी और बिजली की आपूर्ति है, जो फार्मा उद्योग के लिए अनुकूल है, लेकिन सरकार द्वारा इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे हैं.
हालांकि, शिक्षकों के संघों द्वारा सरकार से लगातार मांग की जा रही है कि छत्तीसगढ़ में फार्मास्युटिकल उद्योगों को बढ़ावा दिया जाये. इसके परिणामस्वरूप, सरकार ने अब कुछ पहल की हैं, जिसमें फार्मा उद्योगों के लिये एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) स्थापित करने की योजना भी शामिल है. प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि इसके तहत कुछ घोषणायें हुई हैं और निजी क्षेत्र में दो औद्योगिक इकाइयां स्थापित भी हो चुकी हैं. उन्होंने कहा कि वे अगले हफ्ते उद्योग और स्वास्थ्य मंत्रियों से मिलकर इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे.
डॉ. वर्मा ने बताया कि राज्य में स्थानीय उत्पादन इकाइयों की कमी के कारण फार्मेसी के छात्र मार्केटिंग के क्षेत्र में जा रहे हैं. छत्तीसगढ़ मार्केटिंग, लेबलिंग और पैकेजिंग कंपनियों का केंद्र बन गया है, जिससे यह दवाओं का एक 'उपभोक्ता राज्य' बनकर रह गया है. देश के अन्य राज्यों से यहां दवायें आयात की जाती हैं, जबकि स्थानीय उत्पादन नहीं हो पा रहा है.
राज्य में फार्मेसी शिक्षा का विस्तार हो रहा है. रायपुर के सरकारी पॉलिटेक्निक में डी फार्मा और बिलासपुर की केंद्रीय यूनिवर्सिटी में बी फार्मा, एम फार्मा व पीएचडी के कोर्स चल रहे हैं. इसके अलावा, निजी क्षेत्र में 85 फार्मेसी संस्थान संचालित हैं, जिनकी संख्या हर साल बढ़ रही है.
जब नकली दवाओं के बारे में पूछा गया, तो डॉ. वर्मा ने माना कि यह एक गंभीर समस्या है और अक्सर अखबारों में ऐसी खबरें आती हैं. हालांकि, नियामक संस्थायें इस मुद्दे से निपटने के लिए जांच कर रही हैं.
उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ को जड़ी-बूटियों के मामले में एक विशेष लाभ है. यहाँ बड़ी मात्रा में औषधीय पौधे पाये जाते हैं और हर्बल एक्सट्रैक्ट्स का निर्यात किया जाता है, लेकिन इस क्षेत्र का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है.