पेंड्रा में जंगली सुअर का हमला, दो ग्रामीण लहूलुहान
पेंड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा स्थित मरवाही वनमंडल के अंतर्गत आने वाले सेमरदर्री गांव में जंगली सुअर के हमले से भारी दहशत फैल गई है. सोमवार को बिलाईडाँड़ इलाके में एक हिंसक सुअर अचानक जंगल से निकलकर रिहायशी क्षेत्र में घुस आया और रास्ते में आने वाले लोगों पर हमला कर दिया.
इस अचानक हुए हमले में गणेश पाव और मानसिंह मार्को नामक दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत मरवाही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उपचार शुरू कर दिया है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुअर ने गलियों में उत्पात मचाने के बाद वापस जंगल की शरण ले ली.
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने गांव का दौरा किया और ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने तथा सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है. फिलहाल इलाके में वन अमले की गश्ती बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो.