पेंड्रा: पुलिसकर्मी पर हमला करने वाले को 7 साल की जेल
पेन्ड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में ड्यूटी के दौरान पुलिस प्रधान आरक्षक पर जानलेवा हमला करने के दोषी चंद्रभवन सिंह को द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एकता अग्रवाल की अदालत ने 7 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा से दंडित किया है. यह मामला पिछले साल 24 जुलाई का है, जब पेंड्रा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक हितेश कुमार एक मामले की विवेचना के सिलसिले में आरोपी के घर पहुंचे थे.
जांच प्रक्रिया के दौरान जब पुलिसकर्मी आरोपी की मां को समझाइश दे रहे थे, तभी आरोपी चंद्रभवन सिंह ने अचानक उत्तेजित होकर घर में रखे टंगिया से आरक्षक पर प्राणघातक हमला कर दिया. इस हमले में आरक्षक गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे, जिन्हें लंबे समय तक अस्पताल में उपचार कराना पड़ा.
अदालत ने इस मामले की सुनवाई के दौरान शासकीय सेवक पर किए गए इस प्रहार को अत्यंत गंभीर श्रेणी का अपराध माना.
अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक कौशल सिंह ने पुख्ता गवाह और तकनीकी साक्ष्य पेश किए, जिसके आधार पर कोर्ट ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत 7 साल और धारा 121(2) के तहत 5 साल की कठोर कैद के साथ अर्थदंड की सजा सुनाई.
विशेष बात यह रही कि अदालत ने अपराध की तारीख से मात्र 8 महीने के भीतर अपना फैसला सुनाकर त्वरित न्याय की एक नई मिसाल पेश की है. फैसले में स्पष्ट किया गया है कि सभी सजाएं एक साथ प्रभावी होंगी.