पेंड्रा में चीतल का शिकार, दो शिकारी गिरफ्तार, दो फरार
पेंड्रा । डेस्क: पेंड्रा वन परिक्षेत्र के अमारु बीट में वन्यजीवों की सुरक्षा को धता बताकर चीतल का शिकार करने का मामला प्रकाश में आया है. वन विभाग की सक्रियता के चलते दो आरोपियों को दबोच लिया गया है, वहीं उनके दो अन्य साथी अंधेरे और घने जंगल की आड़ लेकर फरार होने में कामयाब रहे.
वन विभाग को अमारु क्षेत्र में अवैध शिकार होने की पुख्ता जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर वन अधिकारियों ने त्वरित रणनीति बनाकर इलाके की नाकाबंदी की.
विभाग की दबिश के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शिकारियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुलाराम और विश्वनाथ नामक दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान घटनास्थल से चीतल के अवशेष और शिकार में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है, जो इस जघन्य अपराध की पुष्टि करते हैं.
पकड़े गए दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उन्हें जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है.
फरार चल रहे दो अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग ने कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है. वन अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है.