छत्तीसगढ़ में सभी घरों में सोलर पैनल लगाने में 182 साल लगेंगे !
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में तमाम प्रचारों के बावजूद अक्टूबर 2025 तक केवल 10,845 उपभोक्ताओं के घरों में सोलर रूफटॉफ संयंत्र लगाया जा सका है.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 30 नवंबर 2025 तक 98,495 आवेदन पंजीबद्ध हैं. इस तरह से कुल पंजीबद्ध आवेदनों में से लगभग 11.01 फीसदी उपभोक्ताओं के घरों में सोलर पैनल लग चुके हैं.
जबकि साल 2025-26 के लिये लक्ष्य 3 लाख घरों में इस योजना के तहत सोलर पैनल लगाये जाने का था. गणना करने पर मालूम होता है कि निर्धारित 3,00,000 घरों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक मात्र 3.615 फीसदी घरों में सोलर पैनल लग सके हैं.
गौरतलब है कि साल 2026-27 के लिये लक्ष्य 2 घरों में सोलर पैनल लगाने का है.
आइये हम और गहराई में जाकर देखते हैं कि मामला क्या है?
छत्तीसगढ़ की अनुमानित जनसंख्या 3 करोड़ है. और एक साल में अर्थात् साल 2025-26 में 3 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है. जनगणना 2011 के अनुसार छत्तीसगढ़ के औसत परिवार के आकार 5 है. इस तरह से छत्तीसगढ़ में घर हुये तकरीबन 60 लाख. इनमें से 3 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया था जो 5 फीसदी का होता है.
यदि छत्तीसगढ़ में 3 लाख घरों में प्रति वर्ष सोलर पैनल लगाए जाते हैं, तो सभी 60 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने में लगभग 20 साल लगेंगे.
यदि 3 लाख के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले केवल 11 फीसदी घरों में ही सोलर पैनल लगाए जाते हैं, तो सभी घरों में सोलर पैनल लगाने में लगभग 182 साल लगेंगे.
जाहिर है कि सरकारी दावों तथा जमीनी हकीकत में जमीन-आसमान का फर्क है. जमीनी आंकड़ों की गणना करने पर आभास होता है कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाना दूर की बात है. बहुत दूर की बात, यदि घरों की संख्या स्थिर रहती है तो भी कई पीढ़ियों के बाद सोलर पैनल छत्तीसगढ़ के सभी घरों में लग सकेगा. वैसे सरकारी प्रचार माध्यम रोज कई-कई घरों में सोलर पैनल लगाने का फोटो विज्ञापित करते रहते हैं, लेकिन हकीकत हमने आप से बयां कर दी है.