छत्तीसगढ़: जांजगीर में ऑनलाईन सट्टा खिलाने वाला गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार निरंतर जारी है. ताजा मामले में शिवरीनारायण थाना पुलिस ने डिजिटल माध्यम से सट्टा पट्टी लिख रहे एक युवक को धर दबोचा है. पकड़े गए आरोपी के कब्जे से पुलिस ने नकदी और अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर तंत्र से सूचना मिली थी कि शिवरीनारायण के वार्ड क्रमांक 10, भोगहापारा में एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टे का दांव लगवा रहा है.
पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बताए गए स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर मुकुंद केशवानी (29 वर्ष) को हिरासत में लिया. मौके पर तलाशी लेने के दौरान आरोपी के पास से 13,000 रुपये की नकद राशि और रियलमी कंपनी का एक स्मार्टफोन जब्त किया गया.
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इंटरनेट और मोबाइल ऐप के माध्यम से सट्टे का कारोबार संचालित कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 'छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022' की प्रासंगिक धाराओं (धारा 06 और 07) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
उल्लेखनीय है कि जिले की पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने प्रभार संभालते ही अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है. उनके कड़े निर्देश के बाद से ही पूरे जिले में सटोरियों और जुआरियों के खिलाफ अभियान चलाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है, ताकि क्षेत्र में अपराध की जड़ों को समाप्त किया जा सके.