छत्तीसगढ़ नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 11 जून को होगी परीक्षा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा की विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी है. प्रदेश के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 27 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं.
आवेदन प्रक्रिया के दौरान होने वाली त्रुटियों को सुधारने के लिए बोर्ड ने 28 अप्रैल से 30 अप्रैल तक 'करेक्शन विंडो' खोलने का निर्णय लिया है, ताकि परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड में कोई तकनीकी समस्या न आए.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा 11 जून 2026 को आयोजित की जाएगी. परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए राज्य के सभी 33 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
परीक्षा के एडमिट कार्ड 1 जून 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे. विशेष बात यह है कि राज्य शासन के नियमों के तहत छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के बाद आवेदन शुल्क वापस कर दिया जाएगा.