गिरफ्तार ननों से मिलने से LDF नेताओं को रोका गया
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग सेंट्रल जेल में गिरफ्तार ननों से मिलने ये एलडीएफ नेताओं, जिनमें सांसद भी शामिल थे, को जेल प्रशासन ने प्रवेश से वंचित कर दिया. जिन नेताओं को अनुमति नहीं दी गई, उनमें वृंदा करात, एनी राजा, और सांसद के. राधाकृष्णन, ए.ए. रहीम, जोस के. मनी, और पी.पी. सुनीर शामिल थे.
जेल अधिकारियों ने दावा किया कि मुलाकात का समय समाप्त हो चुका था और अगले दिन मुलाकात की व्यवस्था की जा सकती है.
सीपीआई(एम) की वरिष्ठ नेता वृंदा करात ने कहा, “ननों की गिरफ्तारी बीजेपी-आरएसएस के हिंदुत्व एजेंडे का हिस्सा है. यह संविधान पर सुनियोजित हमला है, जिसका उद्देश्य देश में अल्पसंख्यकों को सताना है. यह संघर्ष न केवल ईसाई समुदाय के लिये, बल्कि समाज के सभी उत्पीड़ित वर्गों और भारतीय संविधान में विश्वास रखने वालों के लिए जारी रहेगा.”
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल कल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास करेगा.
सांसद जोस के. मनी ने कहा कि मांग केवल जमानत की नहीं, बल्कि एफआईआर को ही रद्द करने की है.
सिस्टर प्रीति मैरी और सिस्टर वंदना फ्रांसिस की जमानत याचिका खारिज हो चुकी है, और दोनों दुर्ग सेंट्रल जेल में हिरासत में रहेंगी. उनके वकील ने बताया कि आने वाले दिनों में सत्र न्यायालय में नई जमानत याचिका दायर की जायेगी.
दोनों ननों पर गंभीर आरोप लगाये गये हैं, जिनमें 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है. सिस्टर प्रीति मैरी को पहली आरोपी और सिस्टर वंदना फ्रांसिस को दूसरी आरोपी बनाया गया है.
आरोपों में जबरन धर्म परिवर्तन (छत्तीसगढ़ स्वतंत्रता धर्म अधिनियम की धारा 4 के तहत), मानव तस्करी (भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 के तहत), और राष्ट्र-विरोधी गतिविधि (बीएनएस की धारा 152 के तहत) शामिल हैं.