प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में छत्तीसगढ़ नंबर-1
रायपुर । संवाददाता: फरवरी 2026 के लिए जारी प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY) की स्टेट-वाइज नेशनल रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने देश के सभी बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है. राज्य ने पिछले महीने के मुकाबले रैंकिंग में 6 पायदान की लंबी छलांग लगाकर यह कीर्तिमान स्थापित किया है.
ताजा आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ ने 93.37 प्रतिशत नामांकन और 83.87 प्रतिशत स्वीकृति दर के साथ शानदार प्रदर्शन किया है. योजना के तहत प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण में राज्य ने 93.95 प्रतिशत का स्कोर हासिल किया है, जबकि लंबित प्रकरणों और शिकायतों की दर बेहद कम रही है.
इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग और मैदानी अमले को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है.
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस गौरवपूर्ण क्षण पर विभागीय टीम की प्रतिबद्धता की सराहना की.
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक प्रदेश की 1 लाख 86 हजार 586 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है और सीधे उनके खातों में 72 करोड़ 24 लाख 89 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई है.