छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन सितंबर तक
रायपुर । संवाददाता: नवा रायपुर में बनने वाला छत्तीसगढ़ का नया विभानसभा भवन सितंबर तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद 1 नवंबर को राज्योत्सव के समय इसे जनता को समर्पित किया जा सकेगा. यह विधानसभा भवन छत्तीसगढ़ की झलक दिखलाने वाला दर्शनीय भवन होगा.
नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का नया भवन 52 एकड़ में निर्माणाधीन है. इसके सदन में सदस्यों की बैठक क्षमता 200 होगी. नये विधानसभा भवन के एक विंग में विधानसभा सचिवालय, दूसरे में विधानसभा का सदन, सेंट्रल-हॉल, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का कार्यालय तथा तीसरे विंग में मंत्रियों के कार्यालय होंगे.
यहां 500 दर्शक क्षमता का ऑडिटोरियम भी बनाया जायेगा. 700 कारों की पार्किंग क्षमता वाले परिसर में डेढ़-डेढ़ एकड़ के दो सरोवरों का निर्माण भी प्रस्तावित है.
उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यों के निरीक्षण के दौरान विधानसभा के सदन में विधायकों के लिये लगने वाली कुर्सी का अवलोकन कर इसकी विशेषताओं की जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि विधानसभा के नये भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और शिल्प की झलक मिलेगी. यह राज्य के लिये ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए दर्शनीय भवन होगा.
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरूवार नवा रायपुर में निर्माणाधीन छत्तीसगढ़ विधानसभा के नये भवन के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माणाधीन तीनों विंगों के कार्यों का बारिकी से अवलोकन कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय में सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिये.
विधानसभा के नवीन भवन का सिविल वर्क पूर्ण होने के बाद फर्नीचर और इंटीरियर का काम प्रगति पर है. लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद थे.