खल्लारी रोपवे संचालन में लापरवाही से हुई मौत
खल्लारी रोपवे संचालन में लापरवाही: डोंगरगढ़ हादसे के आरोपी को सौंपी कमान
महासमुंद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रोपवे के संचालन को लेकर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी का मामला सामने आया है. यहां हजारों श्रद्धालुओं की जान जोखिम में डालकर रोपवे की जिम्मेदारी एक ऐसे व्यक्ति को दी गई है, जो तकनीकी रूप से पूरी तरह अकुशल है.
चौंकाने वाली बात यह है कि वर्तमान इंचार्ज बीरबल जंघेल वही व्यक्ति है, जिस पर साल 2016 में डोंगरगढ़ रोपवे हादसे के बाद एफआईआर दर्ज की गई थी.
उस दुर्घटना के बाद तत्कालीन संचालक कंपनी ने उसे पद से हटा दिया था, लेकिन अब खल्लारी में 'रोपवे एंड रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड' ने उसे फिर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी है.
जांच में यह तथ्य उजागर हुआ है कि बीरबल के पास रोपवे संचालन की कोई औपचारिक ट्रेनिंग या तकनीकी डिग्री नहीं है. वह केवल मशीन चलाने के सामान्य अनुभव के आधार पर इस संवेदनशील कार्य को अंजाम दे रहा है.
डोंगरगढ़ हादसे के दौरान यह स्पष्ट हुआ था कि वह केवल एक सहायक के रूप में केबल पर ट्रॉली चढ़ाने और उतारने का काम जानता था.
वर्तमान में खल्लारी में पूरी टीम का नेतृत्व बीरबल ही कर रहा है, जिसमें उसके साथ डोंगरगढ़ हादसे से जुड़ा एक अन्य कर्मचारी भी शामिल है.
कंपनी ने यहां अपना कोई भी प्रशिक्षित या विशेषज्ञ स्टाफ तैनात नहीं किया है, बल्कि तकनीकी खराबी या अधिक भीड़ होने पर स्थानीय अप्रशिक्षित युवकों की मदद ली जा रही है, जो भविष्य में किसी बड़े हादसे को न्यौता दे सकता है.