छत्तीसगढ़: आज नीट-यूजी की परीक्षा, 20 हजार छात्र होंगे शामिल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में आज (रविवार) नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें राज्यभर से लगभग 20,000 उम्मीदवार शामिल होंगे. प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसके लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सबसे अधिक परीक्षार्थी राजधानी रायपुर में परीक्षा देंगे.
शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी और जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं निगरानी के कड़े बंदोबस्त किए हैं. परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सख्त चेकिंग की जाएगी.
अधिकारियों ने उम्मीदवारों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से काफी पहले केंद्रों पर पहुंच जाएं, क्योंकि एग्जाम शुरू होने से 30 मिनट पहले एंट्री गेट बंद कर दिए जाएंगे. इसके साथ ही सभी छात्रों को अपने साथ एडमिट कार्ड और एक वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाने की सलाह दी गई है.
परीक्षा हॉल के भीतर किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, घड़ी या अन्य प्रतिबंधित सामान ले जाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी. प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें ताकि परीक्षा बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संपन्न हो सके.