सुकमा के जंगल में नक्सली डंप का पर्दाफाश
सुकमा के जंगलों में नक्सली डंप का पर्दाफाश
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मेटागुड़ा इलाके के घने जंगलों में चल रहे एंटी-नक्सल अभियान ने एक बार फिर जबरदस्त कामयाबी हासिल की है. सुरक्षा दलों ने नक्सलियों के छिपे हुए हथियारों, बम विस्फोटकों और अन्य घातक सामग्रियों का भंडार खोज निकाला, जो नक्सलियों की खतरनाक योजनाओं को चकनाचूर कर गया.
सूत्रों के अनुसार, डी/203 कोब्रा कमांडो, 131वीं बटालियन सीआरपीएफ और स्थानीय जिला पुलिस बल की संयुक्त टुकड़ी ने पीनाचांदा गांव, बोटेतोंग तथा आसपास के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था.
इस दौरान बोटेतोंग के बीहड़ जंगलों में नक्सलियों ने सुरक्षा कर्मियों पर हमला करने की तैयारी में छिपाई गई सामग्री को बरामद कर लिया गया. यह खोज न केवल माओवादियों के इरादों को पलीता लगा गई, बल्कि जिले में लगातार तेज हो रहे इन अभियानों से नक्सली संगठन की कमर टूटने लगी है.
अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कार्रवाइयों से नक्सलवाद का जड़ से सफाया हो रहा है और आगे भी ऐसी मुहिमें बिना रुके जारी रहेंगी. यह सफलता स्थानीय लोगों के लिए भी राहत की सांस लेकर आई है, जहां लंबे समय से हिंसा का साया मंडरा रहा था.