मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ नसबंदी कांड में 13 साल बाद आया अदालत का फैसला

C

CG Khabar

17 मार्च 2026, 01:59 PM 3 मिनट में पढ़ें 11

छत्तीसगढ़ नसबंदी कांड
छत्तीसगढ़ नसबंदी कांड

बिलासपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नसबंदी कांड पर लंबे इंतज़ार के बाद अदालत ने 6 में से 5 आरोपियों को बरी कर दिया है. वर्ष 2014 में हुए इस दर्दनाक मामले में 13 महिलाओं समेत मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया था. अब इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया के तहत बड़ा निर्णय सुनाया गया है.


सोमवार को बिलासपुर की एक अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए छह आरोपियों में से पाँच को बरी कर दिया, जबकि मुख्य आरोपी डॉक्टर को दोषी ठहराते हुए सज़ा सुनाई. यह फैसला अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शैलेष केतारप की अदालत में सुनाया गया.

विज्ञापन


यह घटना नवंबर 2014 की है, जब बिलासपुर के पेंडारी और पेंड्रा क्षेत्रों में आयोजित सरकारी नसबंदी शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं का ऑपरेशन किया गया था. महज़ कुछ ही घंटों के भीतर 137 महिलाओं की नसबंदी कर दी गई, जिनमें से कई की तबीयत बिगड़ने लगी. 


विशेष रूप से चौंकाने वाली बात यह थी कि डॉक्टर आर.के. गुप्ता ने लगभग तीन घंटे के भीतर 83 महिलाओं का ऑपरेशन कर डाला, जो चिकित्सा मानकों के लिहाज़ से बेहद असामान्य और जोखिम भरा माना गया.


ऑपरेशन के बाद अचानक कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान 13 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई. 


इस त्रासदी के बाद जब पोस्टमॉर्टम और कल्चर रिपोर्ट सामने आईं, तो उनमें संक्रमण की आशंका जताई गई. रिपोर्टों के अनुसार मौतों का कारण सेप्टिसिमिया, सेप्टिक शॉक और पेरिटोनिटिस जैसे गंभीर संक्रमण थे, जो आमतौर पर अस्वच्छ चिकित्सा प्रक्रियाओं के कारण होते हैं.


जांच में यह भी सामने आया कि जिस उपकरण और मशीनों का उपयोग नसबंदी ऑपरेशन के लिए किया गया था, उन्हें ठीक से संक्रमणमुक्त नहीं किया गया था. 


इसके अलावा जिस वातावरण में ये ऑपरेशन किए गए, वह भी पूरी तरह से सुरक्षित और स्वच्छ नहीं था, जिससे संक्रमण का खतरा और बढ़ गया. इन तथ्यों के आधार पर राज्य सरकार ने डॉक्टर आर.के. गुप्ता को इस घटना के लिए ज़िम्मेदार ठहराया था.


हालांकि, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब राज्य के स्वास्थ्य विभाग की एक जांच रिपोर्ट में दावा किया गया कि महिलाओं को दी गई सिप्रोसीन-500 दवा में चूहे मारने वाले ज़हर का अंश मिला था. 


सरकार ने अलग-अलग प्रयोगशालाओं में इस दवा और अन्य दवाओं की जांच कराई और यह दावा किया गया कि उनमें ज़हर की पुष्टि हुई है. इसी आधार पर दवा निर्माता कंपनी महावर फ़ार्मा और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया, उन्हें गिरफ़्तार कर जेल भेजा गया और राज्य में कई दवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया.


लेकिन बाद में इस दावे पर भी सवाल खड़े हो गए. जिस नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ इम्यूनोलॉजी की रिपोर्ट का हवाला देकर दवाओं में ज़हर होने की बात कही गई थी, उसने साफ़ कर दिया कि उसने इस तरह की कोई जांच की ही नहीं थी. 


अन्य प्रयोगशालाओं ने भी पर्याप्त नमूने न मिलने के कारण परीक्षण करने से इनकार कर दिया था, जबकि छत्तीसगढ़ स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की रिपोर्ट में भी किसी तरह के ज़हर की पुष्टि नहीं हुई. इन परिस्थितियों में दवा कंपनी के खिलाफ लगाए गए आरोप भी कमजोर पड़ते नजर आए और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने कंपनी के मालिकों को ज़मानत दे दी.


इस पूरे मामले में शुरुआती जांच से लेकर अदालत के फैसले तक कई स्तरों पर विरोधाभास और लापरवाही सामने आई, जिसने न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए बल्कि जांच प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी असर डाला.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
नदी में डूबने से मौत- कोरबा
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के कोरबा में तैरकर आजन नदी पार कर रहे 50 वर्षीय ग्रामीण की डूबने से मौत

एक घंटा पहले

होटल में छापा
छत्तीसगढ़

रायपुर लैब की रिपोर्ट: बिलासपुर के 9 नामी संस्थानों के घी, पनीर और दही में मानकों की अनदेखी

एक घंटा पहले

रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन- आरोपी
छत्तीसगढ़

रायपुर के होटल कारोबारी दंपती रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ FIR दर्ज

2 घंटे पहले

मां की हत्या
छत्तीसगढ़

जशपुर: खाना परोसने की बात पर अधजली लकड़ी से हमला कर ली मां की जान

8 घंटे पहले

रेलगाड़ी- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़

चांपा: अज्ञात युवक की ट्रेन दुर्घटना में मौत, शिनाख्त के लिए अस्पताल मॉर्चुरी भेजा शव

8 घंटे पहले

रेप
छत्तीसगढ़

रायगढ़ में झाड़-फूंक के नाम पर रेप और ठगी, तांत्रिक और महिला साथी गिरफ्तार

8 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP