नारायणपुर: तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, दो युवकों की मौत
नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के धौड़ाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नयापारा इलाके में बीती रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया. लौह अयस्क का परिवहन कर रहे एक तेज रफ़्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को कुचल दिया. इस दर्दनाक घटना में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रक आमदई माइंस से लौह अयस्क लेकर जा रहा था. नयापारा के पास अनियंत्रित हुए ट्रक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे की सूचना मिलते ही धौड़ाई पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची.
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से धौड़ाई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने दोनों मृतक युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है.