छत्तीसगढ़: रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में पारा 42°C के पार जाएगा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में सूरज के तेवर और कड़े होने वाले हैं. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है. 12 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और 'लू' जैसे हालात बन सकते हैं.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों में गर्मी का प्रकोप सबसे अधिक देखा जाएगा. यहाँ पारा 42 डिग्री सेल्सियस की लक्ष्मण रेखा को पार कर सकता है. आसमान साफ रहने और शुष्क हवाओं के कारण दोपहर की तपिश लोगों को बेहाल करेगी.
वर्तमान में ओडिशा के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है और तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन जा रही है. इसके बावजूद, छत्तीसगढ़ में इन प्रणालियों का कोई खास असर नहीं दिख रहा है. नमी की कमी और शुष्क मौसम के चलते धूप का प्रभाव तेज हो गया है, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है.
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इससे गर्मी से कोई राहत नहीं मिली. राजनांदगांव 37.5°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज किया गया. राजधानी रायपुर में फिलहाल तापमान 38°C के आसपास बना हुआ है.