छत्तीसगढ़: रायपुर में पारा 43 डिग्री के पार, येलो अलर्ट जारी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. राजधानी रायपुर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है, वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है.
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के भीतर तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
मौसम विज्ञानी डॉ. गायत्री वाणी ने बताया कि वर्तमान स्थिति अगले तीन दिनों तक इसी तरह बनी रहने की संभावना है.
उन्होंने जनता को सलाह दी है कि दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच बाहरी गतिविधियों से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें.
हालांकि, राहत की बात यह है कि तीन दिनों के बाद अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आने की उम्मीद है.
गौरतलब है कि केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में भी 18-19 अप्रैल के दौरान लू चलने की प्रबल संभावना जताई गई है.