छत्तीसगढ़: मरवाही में हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
पेन्ड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल में शुक्रवार तड़के महुआ बीनने गए एक ग्रामीण को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला. इस घटना के बाद से सिवनी बीट और आसपास के सीमावर्ती गांवों में भारी दहशत का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत पोंडी के डडिंया निवासी 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पास के डडिंयाडोंगरी जंगल में महुआ इकट्ठा करने गए थे.
इसी दौरान उनका सामना एक विशालकाय नर हाथी से हो गया. हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि यह हाथी 2 अप्रैल को कटघोरा वन मंडल के पसान क्षेत्र से सीमा पार कर मरवाही वन मंडल में दाखिल हुआ था.
हादसे की सूचना मिलते ही वनरक्षक शाहिद खान, स्थानीय सरपंच हेमचंद मरावी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पुलिस को सूचित कर दिया है.
घटना के बाद वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए ग्रामीणों के लिए चेतावनी जारी की है कि वे महुआ संग्रहण, सूखी लकड़ी या किसी भी अन्य कार्य के लिए जंगल की ओर न जाएं. विभाग ने लोगों को दिन के साथ-साथ रात के समय भी विशेष सावधानी बरतने और जंगली रास्तों से दूर रहने की हिदायत दी है. File Photo