छत्तीसगढ़: 127 दुर्लभ और संकटग्रस्त पौधों को बचाने की बड़ी पहल
रायपुर । संवाददाता: रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड की ओर से दो दिवसीय विशेष तकनीकी मंथन का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य की दुर्लभ, लुप्तप्राय और संकटग्रस्त (RET) वनस्पतियों को संरक्षित करना है. जैविक विविधता अधिनियम 2002 की धारा 38 के तहत आयोजित इस बैठक में प्रदेश की 127 ऐसी पादप प्रजातियों की पहचान कर उनके संरक्षण और रिकवरी के लिए वैज्ञानिक रोडमैप तैयार किया जा रहा है, जिन पर विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है.
छत्तीसगढ़ में कुल 3,035 औषधीय व अन्य वनस्पती प्रजातियां पाई जाती हैं, जो स्थानीय आजीविका और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति का आधार हैं.
इस संरक्षण अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान और ग्रामीण व जनजातीय समुदायों के पारंपरिक अनुभव का मेल देखने को मिल रहा है.
राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (NBA) के मानकों के तहत वैज्ञानिक, वनस्पति शास्त्री और पारंपरिक वैद्य मिलकर हरबेरियम नमूनों, मैदानी आंकड़ों और पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समीक्षा कर रहे हैं.
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) अरुण कुमार पांडे और बोर्ड के सदस्य सचिव अमिताभ वाजपेयी ने कहा कि वन विरासत को बचाने के लिए अकादमिक शोध और वनों में रहने वाले समुदायों के व्यावहारिक ज्ञान को एक साथ लाना बेहद जरूरी है.
इस दो दिवसीय सम्मेलन के अंतिम दिन तैयार होने वाली सूची के आधार पर राज्य सरकार द्वारा आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी की जाएगी, जिससे संकटग्रस्त पौधों के अवैध दोहन पर रोक लगेगी और उनके वैज्ञानिक पुनरुद्धार का मार्ग प्रशस्त होगा.