छत्तीसगढ़: महासमुंद में 686 किलो गांजा जब्त
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने महज 10 घंटों के भीतर करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं. पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के कुशल निर्देशन में चलाए गए 'ऑपरेशन निश्चय' के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई, जिसमें लगभग 686 किलो गांजा और 700 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं.
बरामद किए गए इन नशीले पदार्थों के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों की कुल कीमत 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये बताई जा रही है.
इस पूरी मुहिम में पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने पैकर्स एंड मूवर्स के ट्रकों, ड्राई फ्रूट्स के पार्सल और लग्जरी गाड़ियों जैसे कई अनोखे पैंतरे आजमाए, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया.
इस बड़ी सफलता में महासमुंद पुलिस के साथ बिलासपुर पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच का तकनीकी सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल पांच अलग-अलग मामलों में 13 तस्करों को हिरासत में लिया है, जिनमें से 6 आरोपी स्थानीय निवासी हैं और बाकी 7 आरोपी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा के रहने वाले हैं.
पिछले तीन महीनों के रिकॉर्ड को देखें तो महासमुंद पुलिस ने अब तक कुल 63 मामलों में 40 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त कर 165 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा है.