एक करोड़ के गांजे के साथ ओडिशा से यूपी जा रहे 6 तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद । डेस्क: छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़े अभियान में सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये के गांजे की तस्करी का भंडाफोड़ किया है. राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर रेहटीखोल के पास की गई इस घेराबंदी में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से सवा दो क्विंटल अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.12 करोड़ रुपये आंकी गई है.
सिंघोड़ा पुलिस को मिली सटीक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई.
तस्करों ने नशे की इस बड़ी खेप को नौ बोरियों के भीतर 213 पैकेटों में बेहद चालाकी से छिपाया था.
पूछताछ में पता चला है कि यह प्रतिबंधित सामग्री ओडिशा से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी.
पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सूरज गुप्ता, योगेश कुशवाहा, हरिबाबू वर्मा और रामबाबू वर्मा शामिल हैं.
गिरफ्तार किए गए तस्करों में से चार उत्तर प्रदेश और दो मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं. फिलहाल, पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है.