छत्तीसगढ़: मजिस्ट्रेट को मिली 3 Cr की रंगदारी और जान से मारने की धमकी
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुंडरदेही में पदस्थ प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है. मजिस्ट्रेट को डाक के जरिए एक सीलबंद लिफाफा प्राप्त हुआ, जिसमें नक्सलियों के नाम पर 3 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है.
पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यदि रकम नहीं दी गई, तो मजिस्ट्रेट और उनके परिजनों की हत्या कर दी जाएगी.
इस गंभीर मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. बालोद की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि मजिस्ट्रेट की शिकायत पर गुंडरदेही थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस फिलहाल दो मुख्य पहलुओं पर जांच कर रही है. क्या यह वास्तव में किसी नक्सली संगठन की साजिश है, या फिर पुलिस को गुमराह करने और दहशत फैलाने के लिए किसी शरारती तत्व ने संगठन के नाम का सहारा लिया है.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मजिस्ट्रेट के निवास और कार्यालय की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें पत्र के स्रोत का पता लगाने, लिखावट की जांच करने और डाक विभाग के रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हैं. साथ ही, संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.