रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: SC से एन उदय राव को अंतरिम जमानत

C

CG Khabar

22 अग. 2026, 03:30 PM 2 मिनट में पढ़ें 11

सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब मैनपावर घोटाले में आरोपी एन उदय राव को सर्वोच्च न्यायालय से राहत मिल गई है. प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ ने शुक्रवार को सुनवाई करते हुए राव को अंतरिम जमानत देने का निर्देश दिया. 


शीर्ष अदालत ने इस मामले में राज्य सरकार को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 1 अक्टूबर तय की गई है.

विज्ञापन


यह मामला वर्ष 2019 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) द्वारा शराब दुकानों में सेल्समैन, सुपरवाइजर और हेल्पर्स की तैनाती के लिए दिए गए ठेकों से जुड़ा है. 


जांच एजेंसी एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB/EOW) का आरोप है कि ए-2-जेड इंफ्रासर्विसेज लिमिटेड नाम की एजेंसी को ओवरटाइम, बोनस और अतिरिक्त कार्य दिवसों के नाम पर लगभग 34.06 करोड़ रुपये का फर्जी या बढ़ा-चढ़ाकर भुगतान किया गया. इसमें से करीब 6.90 करोड़ रुपये कथित तौर पर कमीशन के रूप में उदय राव के जरिए बिचौलियों और मुख्य आरोपी अनवर ढेबर तक पहुंचाए गए.


इससे पहले 6 अगस्त को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने राव की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था. राव के वकीलों ने अदालत में तर्क दिया कि वह ए-2-जेड इंफ्रासर्विसेज के निदेशक या शेयरधारक नहीं हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ डिस्टिलरीज लिमिटेड में उपाध्यक्ष (मार्केटिंग) थे. 


उन्होंने वित्तीय लेनदेन के आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्हें इस अपराध से जोड़ने वाला कोई स्वतंत्र साक्ष्य नहीं है. वहीं राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त अधिवक्ता जनरल ने जमानत का विरोध किया. ACB/EOW द्वारा मई में दाखिल आरोप पत्र में कुल 182.98 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं का दावा किया गया है, जिसमें राव और अनवर ढेबर समेत 12 लोगों को नामजद किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP