छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: SC से आबकारी अधिकारियों को बड़ी राहत
नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को गिरफ्तारी से मिली अंतरिम सुरक्षा को स्थायी (Absolute Protection) कर दिया है. जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच ने यह आदेश सीनियर एडवोकेट्स एस. नागामुथु और सिद्धार्थ अग्रवाल (याचिकाकर्ताओं के लिए) तथा सीनियर एडवोकेट महेश जेठमलानी और एएसजी एसडी संजय (राज्य/ईडी के लिए) को सुनने के बाद पारित किया.
याचिकाकर्ताओं को यह राहत देते हुए, बेंच ने उन पर सख्त शर्तें भी लगाई हैं.
याचिकाकर्ताओं को जरूरत पड़ने पर जांच अधिकारी के सामने पेश होना होगा और जांच में पूरा सहयोग करना होगा, खासकर यदि कोई और सप्लीमेंट्री चार्जशीट फाइल करनी हो. याचिकाकर्ताओं को दो सप्ताह के भीतर ट्रायल कोर्ट में अपने पासपोर्ट जमा करने होंगे. वे ट्रायल कोर्ट की पूर्व अनुमति के बिना छत्तीसगढ़ राज्य नहीं छोड़ सकते.
याचिकाकर्ता गवाहों को प्रभावित करने या सबूतों के साथ किसी भी तरह से छेड़छाड़ करने की कोशिश नहीं करेंगे. चूंकि उनके खिलाफ आरोप पत्र दायर हो चुका है, उन्हें सुनवाई की प्रत्येक तारीख पर ट्रायल कोर्ट के सामने उपस्थित रहना होगा, और कोई भी अनुपस्थिति जमानत की रियायत का दुरुपयोग माना जाएगा. जरूरत पड़ने पर संपर्क करने के उद्देश्य से याचिकाकर्ताओं को अपने मोबाइल नंबर जांच अधिकारी को देने होंगे.
आरोप के मुताबिक, ये अधिकारी (जो असिस्टेंट कमिश्नर, असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट एक्साइज ऑफिसर और डिप्टी एक्साइज कमिश्नर जैसे पदों पर थे) फरवरी 2019 से जून 2022 के बीच अवैध शराब बिक्री में शामिल एक सिंडिकेट के साथ मिलकर काम कर रहे थे और इसके बदले में मोटी कमीशन ले रहे थे. आरोप है कि यह घोटाला 3200 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई से जुड़ा है.
इन्हें सप्लीमेंट्री चार्जशीट में आरोपी बनाया गया था. स्पेशल कोर्ट और हाई कोर्ट से इन्हें अग्रिम जमानत नहीं मिली थी. जब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, तो कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा देते हुए ट्रायल कोर्ट में आत्मसमर्पण करने को कहा था. कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए, उन्होंने आत्मसमर्पण किया और जमानत बांड भरा था.
पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से जुड़े एक संबंधित ईडी मामले को 2 सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है.