छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: गोवा का वेस्टिन होटल रहेगा कुर्क
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं को बिलासपुर हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है. चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि जांच एजेंसी के पास कार्रवाई के लिए पर्याप्त आधार मौजूद हैं. अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता अपनी बात ट्रिब्यूनल या सक्षम अथॉरिटी के सामने रख सकते हैं.
110 करोड़ के लग्जरी होटल पर ED का शिकंजा
यह मामला नॉर्थ गोवा के अंजुना स्थित फाइव स्टार ‘द वेस्टिन होटल’ की कुर्की से जुड़ा है, जिसकी कीमत करीब 110 करोड़ रुपए आंकी गई है. ED ने 28 मई 2026 को प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी कर इस संपत्ति को अपराध की आय से अर्जित मानते हुए जब्त किया था. नई दिल्ली निवासी डॉ. राहुल अग्रवाल और मेसर्स पैसिफिका होटल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने इस आदेश को रद्द करने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
नकदी के लेनदेन से जुड़ी कड़ियां
ED की जांच के अनुसार, छत्तीसगढ़ शराब सिंडिकेट के जरिए जुटाई गई अवैध कमाई में से लगभग 110 करोड़ रुपए कैश के रूप में दुर्ग निवासी विजय कुमार अग्रवाल तक पहुंचाए गए थे. जांच एजेंसी का दावा है कि इसी रकम का इस्तेमाल उनके भतीजे राहुल अग्रवाल ने गोवा में वेस्टिन होटल का सौदा करने के लिए किया. मेसर्स सर बायोटेक इंडिया लिमिटेड से हुए इस सौदे में 50 करोड़ रुपए बैंकिंग चैनल के जरिए और बाकी 60 करोड़ रुपए नकद दिए गए थे. ED के मुताबिक, सिंडिकेट के कैश डिस्ट्रीब्यूटरों के बयानों और राहुल अग्रवाल के स्वीकारोक्ति पत्र से इस बात की पुष्टि हुई है कि दिल्ली स्थित आवास पर किस्तों में 60 करोड़ रुपए नकद पहुंचाए गए थे.
कारोबारी पक्ष का तर्क और आयकर विभाग का आदेश
दूसरी ओर, याचिकाकर्ताओं ने अदालत में दावा किया कि होटल खरीद में इस्तेमाल किए गए 60 करोड़ रुपए पूरी तरह से वैध कारोबार की आय थे. उन्होंने इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि आयकर विभाग ने जांच के बाद इस रकम को अघोषित आय की श्रेणी से बाहर माना था. इसके अलावा, याचिकाकर्ताओं ने बताया कि विजय अग्रवाल 2019 में ही कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे चुके थे और उनका न तो इस होटल प्रोजेक्ट से कोई संबंध था और न ही वे मूल एफआईआर या चार्जशीट में आरोपी हैं.
अदालत का रुख और होटल का मौजूदा संचालन
हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद साफ किया कि आयकर विभाग द्वारा टैक्स के उद्देश्य से किसी नकदी को हिसाब में मान लेने भर से वह मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) की जांच से मुक्त नहीं हो जाती, क्योंकि दोनों कानूनों के उद्देश्य और कानूनी कसौटियां बिल्कुल अलग हैं. इसके साथ ही अदालत ने राहत की बात यह भी नोट की कि प्रोविजनल अटैचमेंट की इस कार्रवाई से होटल के दैनिक कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है. वेस्टिन होटल का संचालन पहले की तरह ही जारी है, जहां न तो कमरे बंद किए गए हैं और न ही कर्मचारियों को हटाया गया है.