शराब घोटाला: सौम्या चौरसिया समेत 3 के खिलाफ 9वीं सप्लीमेंट्री चार्जशीट पेश
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 2883 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाला मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बुधवार को विशेष अदालत में नौवीं सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है. इस ताजा आरोप पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव और देवेंद्र डडसेना को नामजद किया गया है.
जांच एजेंसी का दावा है कि इन तीनों आरोपियों की सिंडिकेट में अलग-अलग और महत्वपूर्ण भूमिकाएं थीं, जिसके जरिए सरकारी खजाने को भारी चपत लगाई गई.
EOW के मुताबिक, सौम्या चौरसिया ने मुख्यमंत्री कार्यालय में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए शराब सिंडिकेट को प्रशासनिक संरक्षण और सहायता प्रदान की थी.
वहीं, केके श्रीवास्तव पर अवैध धन के संग्रह, परिवहन और प्रबंधन के साथ-साथ अपराध की कमाई को निवेश करने का आरोप है.
राजीव भवन के पूर्व लेखापाल देवेंद्र डडसेना को सिंडिकेट के लिए एक 'कंड्यूट' (कड़ी) के रूप में चिन्हित किया गया है, जो निर्देशों के आधार पर अवैध धन प्राप्त करने और बांटने का काम करता था.
वर्ष 2019 से 2023 के बीच हुए इस घोटाले में अब तक कुल 51 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए जा चुके हैं. जांच एजेंसियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित आपराधिक सिंडिकेट था, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक मिलीभगत से सरकारी दुकानों में अवैध शराब की आपूर्ति की और कमीशन के जरिए करोड़ों रुपये वसूले.
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ-साथ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468, 471 (जालसाजी) और 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत कार्रवाई की जा रही है.
ईओडब्ल्यू ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में अन्य अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों की संलिप्तता सामने आने पर पूरक चार्जशीट पेश की जाएगी.