छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: PMLA विशेष अदालत में 59 आरोपी पेश
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के 3,000 करोड़ रुपये के शराब घोटाला मामले में गुरुवार को रायपुर की विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत में एक साथ 59 आरोपियों की पेशी हुई. प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दिसंबर 2025 में दायर की गई करीब 29,800 पन्नों की अंतिम चार्जशीट के बाद अब यह मामला औपचारिक रूप से ट्रायल यानी सुनवाई के चरण में पहुंच गया है.
इस महा-घोटाले में अब तक कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है.
अदालत में पेश होने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय की उप सचिव सौम्या चौरसिया, पूर्व आईएएस अधिकारी निरंजन दास और आबकारी विभाग के कई बड़े अधिकारी शामिल हैं.
ईडी की जांच के मुताबिक, 2019 से 2022 के बीच तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान इस सिंडिकेट ने चार अलग-अलग तरीकों से अवैध कमाई की थी.
इसमें मुख्य रूप से सरकारी दुकानों के जरिए बेहिसाब देशी शराब बेचना, सप्लायर्स से कमीशन वसूलना और राजनीतिक चैनलों के माध्यम से कैश डाइवर्ट करना शामिल था. जांच एजेंसियों ने अब तक इस मामले में 382 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है, जिसमें रायपुर का होटल वेनिंगटन कोर्ट और 1,000 से अधिक अन्य संपत्तियां शामिल हैं.
इस मामले की आंच अब कांग्रेस संगठन तक भी पहुंचती दिख रही है. आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने हाल ही में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों और अकाउंटेंट से पूछताछ की है, जबकि पीसीसी कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल अभी भी फरार बताए जा रहे हैं.
30,000 पन्नों के विशाल दस्तावेजी प्रमाणों और सैकड़ों गवाहों के साथ शुरू हुआ यह ट्रायल आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में बड़ी हलचल पैदा कर सकता है.