छत्तीसगढ़: उत्तर प्रदेश के मजदूर की मौत, ठेकेदार पर इल्ज़ाम
छत्तीसगढ़ में मजदूर की मौत, ठेकेदार पर इल्ज़ाम
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में उत्तर-प्रदेश के 30 वर्षीय मजदूर पंकज की संदिग्ध मौत ने सनसनी मचा दी है. मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. गुस्साए परिजनों ने शव के साथ थाने पहुंचकर मामले की गहन जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के अमरोहा ज़िले के सुजमना गांव के पंकज को कुछ दिन पहले गांव का ही एक ठेकेदार मजदूरी के लिए रायपुर ले गया था. बुधवार सुबह ठेकेदार पंकज का शव लेकर गांव पहुंचा और दावा किया कि उसने आत्महत्या कर ली. परिजनों ने इस बात को खारिज करते हुए ठेकेदार पर हत्या का शक जताया.
परिजन शव लेकर बछरायूं थाने पहुंचे और ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज की. थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम रायपुर में हो चुका है. रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी. इधर, परिजन शव लेकर गांव लौट गये हैं.
इस घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.