छत्तीसगढ़ के कोरिया मॉडल की 'मन की बात' में गूंज
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 132वें 'मन की बात' कार्यक्रम में कोरिया जिले के किसानों के जल संरक्षण प्रयासों की सराहना किए जाने पर गर्व व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरिया के किसानों द्वारा अपनाया गया स्वदेशी 'आवा पानी झोंकी' मॉडल अब देशभर के लिए प्रेरणा बन गया है.
इस तकनीक के माध्यम से 1,200 से अधिक किसानों ने 2,000 से ज्यादा रिचार्ज पॉन्ड और सोक पिट बनाकर भूजल स्तर को सुधारने में बड़ी सफलता हासिल की है. सीएम साय ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि जल संरक्षण अब राज्य में एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है.
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर राज्य की तैयारियों को लेकर जनता को आश्वस्त किया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है.
शनिवार को तेल कंपनियों और उच्च अधिकारियों के साथ की गई समीक्षा बैठक का हवाला देते हुए उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक न होने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए अन्य संदेशों जैसे मत्स्य पालन में आत्मनिर्भरता, फिटनेस और खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में भी राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.