छत्तीसगढ़ में घूस मांगने वाला पटवारी निलंबित
कोरिया । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है. सोशल मीडिया पर घूस मांगते हुए वीडियो वायरल होने के बाद, प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पटना तहसील के पटवारी अमरेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
बीते 23 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ था. इस वीडियो में हल्का नंबर 06 (अमहर) के पटवारी अमरेश कुमार पाण्डेय शासकीय कार्य के बदले स्पष्ट रूप से पैसों की मांग करते नजर आ रहे थे. वीडियो के सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की गई.
आदेश क्रमांक 4729 के अनुसार, पटवारी अमरेश पाण्डेय का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण नियम) 1965 के नियम 03 का खुला उल्लंघन है. इसे गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के नियम 09 (1) के तहत निलंबित किया गया है.
निलंबन की अवधि के दौरान अमरेश पाण्डेय का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुण्ठपुर तय किया गया है. नियमानुसार उन्हें इस अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा.
जिला प्रशासन ने इस त्वरित कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वायरल वीडियो में संलिप्तता स्पष्ट होने के कारण बिना देरी किए यह फैसला लिया गया, जिसकी क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है.