बच्चे के गले में सिक्का, डॉक्टरों ने बचाई जान
बैकुंठपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक बच्चे के गले में सिक्का फंस गया था. जिसे डाक्टरों ने निकाला तथा बच्चे की जान बचाई. शिवपुर-चरचा नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 में एक सात साल के बच्चे की जान उस समय जोखिम में पड़ गई, जब खेलते समय उसने गलती से एक सिक्का निगल लिया. सिक्का गले में अटकने से बच्चे की हालत बिगड़ गई, लेकिन डॉक्टरों की तेजी और सूझबूझ से उसकी जान बच गई.
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 13 के निवासी राजेश विश्वकर्मा का 7 वर्षीय बेटा सार्थक दोस्तों के साथ खेल रहा था, तभी उसने सिक्का मुंह में डाल लिया, जो गले में फंस गया. सांस लेने में तकलीफ होने पर बच्चे की हालत गंभीर हो गई. नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने फौरन डॉक्टरों से संपर्क किया और बच्चे को बैकुंठपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल के निर्देशन में डॉ. योगेंद्र चौहान और उनकी टीम ने तुरंत जांच शुरू की. चिकित्सकों ने कुशलता से सिक्का निकाला और बच्चे का इलाज किया. अब सार्थक की हालत स्थिर है और वह स्वस्थ हो रहा है.
इस घटना के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने माता-पिता से सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा, "छोटे बच्चों को सिक्के, पिन, कांच, सुई या छोटी चीजों से दूर रखें, क्योंकि ये खतरनाक हो सकती हैं."
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि बच्चों पर हमेशा नजर रखें और ऐसी चीजों को उनकी पहुंच से हटायें. आपातकाल में बिना देर किये डॉक्टर से संपर्क करें.
डॉ. सिंह ने जोड़ा, "बच्चों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है. थोड़ी सी सावधानी से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है."