कोरबा: जंगली हाथी ने युवक को कुचला, मौके पर मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक जंगली हाथी ने 36 वर्षीय व्यक्ति को कुचलकर मार डाला. वन अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. कोरबा मंडल वन अधिकारी प्रेमलता यादव ने कहा कि यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को करतला वन परिक्षेत्र के बोटली गांव में हुई. उन्होंने बताया कि एक नर हाथी ने शिवनारायण राठी पर हमला कर दिया और उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद वन अधिकारी शनिवार सुबह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि मृतक देर रात बाहर क्यों था.
अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25,000 रुपये प्रदान किए गए हैं. शेष मुआवजा आवश्यक औपचारिकताओं के बाद वितरित किया जाएगा.
प्रेमलता यादव ने आगे कहा कि पिछले एक महीने से करतला वन परिक्षेत्र के रामपुर, नवापारा, बरमार, कोटमेर, केरकाचार, नोंदरहा और आसपास के गांवों में 38 जंगली हाथियों का एक झुंड घूम रहा है.
वन विभाग ग्रामीणों को हाथियों की उपस्थिति के बारे में लगातार अलर्ट कर रहा है. ग्रामीणों के संपर्क नंबरों को 'गज संकेत' ऐप (वन रक्षकों और ग्रामीणों को हाथियों की उपस्थिति के बारे में सचेत करने के लिए डिज़ाइन किया गया) से जोड़ा गया है. अधिकारी ने बताया कि हाथियों के स्थान को थर्मल ड्रोन के माध्यम से भी ट्रैक किया जा रहा है. (AI Generated Symbolic Photo)