कोरबा: धरमजयगढ़ से लौटे 9 हाथियों का उत्पात, किसानों की फसलें बर्बाद
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल अंतर्गत कुदमुरा रेंज में हाथियों की आमद से एक बार फिर दहशत का माहौल है. धरमजयगढ़ की ओर से लौटे 9 हाथियों के एक दल ने गुरमा के कटराडेरा क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई है. हाथियों ने न केवल एक ग्रामीण की झोपड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया, बल्कि दो किसानों के खेतों में घुसकर उनकी तैयार फसलों को भी पूरी तरह रौंद डाला है.
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह झुंड शनिवार को कलमीटिकरा के नजदीकी इलाकों में विचरण कर रहा था, जो धरमजयगढ़ वन मंडल की सीमा से सटा हुआ है.
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए विभाग ने सीमावर्ती गांवों में मुनादी करवा दी है और ग्रामीणों को जंगलों की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी है.
वहीं, दूसरी ओर कटघोरा वन मंडल के निवासियों के लिए राहत की खबर है. यहाँ मौजूद 48 हाथियों का विशाल दल फिलहाल शांत है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है.
बावजूद इसके, वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब जाने या उन्हें छेड़ने की कोशिश न करें. Symbolic Photo