Korba: पिकअप की टक्कर से 2 की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा में सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है. 1 गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है.
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा के कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर यह हादसा हुआ है. जहां तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी है जिससे 2 लोगों की मौत हो गई है.
घायल को डायल 112 ने कटघोरा के अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां पर उसका प्राथमिक ईलाज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुये उसे जिले के मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कर दिया गया है. पुलिस ने पिकअप वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि बाइक पर 3 लोग सवार थे. ढेलवाडीह निवासी 37 वर्षीय अजय यादव और 26 वर्षीय सुमित गुप्ता और 1 अन्य साथी था. तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और किसी काम से बाहर गये हुये थे. वे देर रात अपने घर वापस लौट रहे थे. हादसे में अजय की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, वहीं समीर की इलाज के दौरान मौत हुई. वहीं, तीसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार पानी गिर रहा था तथा सड़क पर मवेशी बैठे हुये थे. पिकअप की रफ्तार तेज थी. मवेशी को बचाने के चक्कर में पिकअप ने बाइक को ठोकर मार दी.
कटघोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.