छत्तीसगढ़: कोरबा में पति ने पत्नी का गला घोंटकर किया कत्ल
कोरबा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना अंतर्गत डामौकुंडा गांव में एक पति ने मात्र कुछ रुपयों के विवाद में अपनी पत्नी की क्रूरता से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
मामला 7 फरवरी 2026 का बताया जा रहा है. मृतका हिरोंडिया मरावी (41 वर्ष) के बड़े बेटे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता कल्लू उर्फ कल्याण सिंह (42 वर्ष) ने फोन पर बताया कि मां बीमार हैं और उठ नहीं रही हैं, इसलिए घर आने को कहा.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगा. एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए पोड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा.
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत सामान्य नहीं, बल्कि गला दबाकर हत्या की गई है. इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई.
जांच के दौरान संदेह आरोपी पति कल्याण सिंह पर गहराया, क्योंकि सूचना देने वाला वही था और घटना के समय घर में सिर्फ पति-पत्नी ही मौजूद थे. गहन पूछताछ में कल्याण सिंह ने अपना अपराध कबूल लिया.
उसने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह अपनी खराब मोटरसाइकिल ठीक कराने के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था, लेकिन पत्नी ने मना कर दिया. उसे डर था कि पति शराब में पैसे उड़ा देगा.
7 फरवरी को भी पैसे की मांग पर विवाद हुआ. गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी. अपराध छिपाने के लिए उसने शव को सोते हुए की मुद्रा में लिटाया और खुद शराब पीकर बेहोश होने का नाटक किया ताकि किसी को शक न हो.
मृतका और आरोपी के कुल चार बच्चे हैं दो बेटे और दो बेटियां. दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटे कटघोरा की एक बर्फ फैक्ट्री में नौकरी करते हैं और घर से बाहर रहते हैं. इसलिए घर पर सिर्फ पति-पत्नी ही थे.
बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.