कोरबा: हसदेव पुल पर भीषण भिड़ंत: हाइवा मालिक समेत दो की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी में शुक्रवार की शाम केंदई हसदेव पुल के मोड़ पर एक अनियंत्रित हाइवा और पिकअप के बीच हुई जोरदार टक्कर में हाइवा चालक विनोद यादव और उनके हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई. भिड़ंत इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और हाइवा चालक वाहन के भीतर ही फंस गया था, जिसे पुलिस टीम ने भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला.
जानकारी के मुताबिक, हाइवा में चावल की बोरियां लोड थीं, जबकि पिकअप सब्जी लेकर जा रही थी. तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ा और टक्कर के बाद सड़क पर चारों तरफ सब्जी और चावल बिखर गए.
हादसे की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया.
इस दुर्घटना में पिकअप चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
क्षतिग्रस्त वाहनों के बीच सड़क पर फंसे होने के कारण मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया था, जिसे बाद में जेसीबी की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया.
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है और उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है. मामले में पुलिस ने पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.