रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

कोरबा: होली खेलने गया युवक रहस्यमयी ढंग से फांसी पर लटका मिला

C

CG Khabar

06 मार्च 2026, 04:06 AM 2 मिनट में पढ़ें 20

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार से लापता एक 18 वर्षीय युवक का शव गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका पाया गया. मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है, जहां सुराकछार और आनंद नगर के बीच बहने वाली नदी के किनारे एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी या उसकी हत्या की गई, यह अब भी अनसुलझी पहेली बनी हुई है.


मृतक की पहचान मनीष कंवर के रूप में हुई है, जो धुल सिंह कंवर का इकलौता पुत्र था. जानकारी के मुताबिक, मनीष बुधवार दोपहर घर से दोस्तों के साथ होली खेलने की बात कहकर निकला था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की. 

विज्ञापन


गुरुवार सुबह उसकी तलाश तब खत्म हुई जब खोलार नदी के किनारे लगे बांस के एक ऊंचे पेड़ पर उसका शव लाल रंग के गमछे के फंदे से झूलता मिला.


घटनास्थल का दृश्य देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. जिस स्थिति में शव मिला है, उसे देखते हुए परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है और हत्या की आशंका जताई है. 

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसमुंडा पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए. मनीष के पिता एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं और इकलौते बेटे की इस तरह मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. 


पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयानों के आधार पर सभी संभावित कोणों से तफ्तीश शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP