कोरबा: 5 नाबालिगों ने छात्रा के गले पर किया चाकू से वार, 3 हिरासत में
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में उरगा थाना क्षेत्र के जुनवानी गांव में पांच नाबालिग लड़कों ने एक 15 वर्षीय छात्रा के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. घायल छात्रा को गंभीर हालत में कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सोशल मीडिया के जरिए छात्रा के संपर्क में आया था और छात्रा द्वारा वॉट्सऐप मैसेज का जवाब न देने से नाराज होकर उसने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.
सोमवार दोपहर जब छात्रा घर जा रही थी, तब बाइक सवार पांचों लड़कों ने उसे घेर लिया और हमला कर फरार हो गए.
हालांकि छात्रा अभी बोल नहीं पा रही है, लेकिन उसने लिखकर आरोपियों के नाम बताए हैं.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच में से तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है. सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.