कोसारटेडा बांध से कोंडागांव को पेयजल
कोंडागांव । संवाददाता: सरकार ने दावा किया है कि जल्द ही कोंडागांव के घर-घर में कोसारटेडा बांध का शुद्ध और सुरक्षित पेयजल नल से पहुंचेगा. भारत सरकार की मिशन अमृत 2.0 योजना के तहत 102 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई जल प्रदाय योजना तेजी से प्रगति कर रही है. इस परियोजना का एक तिहाई हिस्सा पूरा हो चुका है, और अगले डेढ़ से दो साल में इसे पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य है.
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव से 25 किलोमीटर दूर स्थित कोसारटेडा बांध से पानी लाकर 9 एमएलडी क्षमता के अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध किया जायेगा. इसके बाद यह पानी शहर की पांच मौजूदा और दो नई निर्माणाधीन पानी टंकियों के जरिये लोगों तक पहुंचेगा. बांधापारा में 555 किलोलीटर और फॉरेस्ट कॉलोनी में 810 किलोलीटर की नई टंकियां बनाई जा रही हैं, जो लगभग 9 हजार घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएंगी.
इस परियोजना के तहत 24 किलोमीटर लंबी रॉ-वॉटर पाइपलाइन और 11 किलोमीटर की क्लियर-वॉटर पाइपलाइन बिछाई जायेगी. साथ ही, 143 किलोमीटर की वितरण पाइपलाइन से हर घर को नल कनेक्शन से जोड़ा जायेगा. यह सुनिश्चित करेगा कि कोंडागांव की 40 हजार की आबादी को निर्बाध जल आपूर्ति मिले.
परियोजना की खासियत यह है कि निर्माण के बाद अगले पांच साल तक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निर्माण एजेंसी की होगी. इससे नागरिकों को लगातार उच्च गुणवत्ता वाला पेयजल मिलता रहेगा.