कवर्धा में प्रेम विवाह करने वाले जोड़े ने दी जान
कवर्धा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पांडातराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान 34 वर्षीय रामलाल चंद्रवंशी और 29 वर्षीय रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है. पुलिस को दोनों के शव घर के भीतर अलग-अलग फंदों से लटकते हुए बरामद हुए.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला प्रेम प्रसंग और सामाजिक जटिलताओं से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि दोनों पहले से ही शादीशुदा थे और उनके दो-दो बच्चे भी हैं.
करीब चार साल पहले रामलाल और रीना अपने परिवारों को छोड़कर रायपुर चले गए थे, जहाँ उन्होंने साथ रहने का फैसला किया और शादी कर ली. रायपुर में रामलाल ड्राइवरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था.
लगभग एक माह पूर्व ही यह जोड़ा वापस अपने गांव लौटा था और परिवार से अलग एक किराए के मकान में रह रहा था.
घटना का खुलासा तब हुआ जब 19 अप्रैल को रामलाल के पिता उनके घर पहुंचे. दरवाजा अंदर से बंद होने और बार-बार आवाज देने पर भी कोई जवाब न मिलने पर, उन्होंने खिड़की से अंदर झांका, जहाँ दोनों के शव लटक रहे थे.
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. हालांकि, पांडातराई थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला के अनुसार, प्राथमिक जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे आर्थिक तंगी एक बड़ा कारण नजर आ रही है.
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि मौत के असली कारणों की पुष्टि की जा सके.