कांकेर: दो कारों की टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात दो कारों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की जान चली गई. यह हादसा कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नथिया नवागांव के पास हुआ.
मिली जानकारी के अनुसार, चरामा इलाके के उड़कूड़ा गांव का मांडवी परिवार शिवराज गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार गाड़ी से टकरा गई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और मांडवी परिवार की कार में सवार 6 लोगों जिनमें तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निखिल रखेचा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया.
इस दुर्घटना में कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक मांडवी परिवार का सदस्य है और दो अन्य दूसरी कार में सवार थे.
सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.