छत्तीसगढ़ की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को ₹50 लाख की प्रोत्साहन राशि
छत्तीसगढ़ की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को ₹50 लाख का प्रोत्साहन राशि
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने खेल जगत में एक नया कीर्तिमान रचते हुए राज्य की स्टार कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को 50 लाख रुपए की भारी-भरकम प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया है. राज्य के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी सम्मान राशि दी गई है.
उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित एक भव्य समारोह में संजू देवी को यह चेक सौंपा.
कोरबा जिले के एक छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली संजू देवी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का परचम लहराया है. पिछले साल नवंबर 2025 में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्वकप में उन्हें 'मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर' (MVP) चुना गया था.
संजू के खेल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विश्वकप के फाइनल मुकाबले में भारत द्वारा बनाए गए कुल 35 पॉइंट्स में से अकेले 16 पॉइंट्स संजू ने हासिल किए थे.
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संजू की प्रशंसा करते हुए कहा, "छत्तीसगढ़ की इस बेटी ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा से पूरे देश का मान बढ़ाया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार खिलाड़ियों को हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है. संजू की यह उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी."
संजू देवी की यह यात्रा संघर्षों से भरी रही है. एक श्रमिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली संजू जुलाई 2023 से बिलासपुर की बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं. उन्होंने न केवल कबड्डी विश्वकप, बल्कि ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
इस अवसर पर खेल विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम और कबड्डी संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित थे. सरकार ने इस दौरान बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को खेल को बढ़ावा देने के लिए कबड्डी मैट भी प्रदान किया. संजू की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि जुनून और समर्पण हो, तो सुविधाओं के अभाव में भी आसमान छुआ जा सकता है.