जशपुर: नाबालिग से गैंगरेप के दो आरोपी गिरफ्तार
जशपुर । डेस्क: जशपुर के बागबहार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पत्थलगांव पुलिस ने इस सामूहिक दुष्कर्म की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी भी कानून की पकड़ से बाहर है.
पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
यह पूरी घटना 16 फरवरी की रात की है, जब 17 साल की किशोरी अपने गांव में एक नाटक देखने गई थी. देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परेशान परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की.
अगले दिन 17 फरवरी की रात को पीड़िता बिजली सब स्टेशन के पास बदहवास और बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली. ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया था.
होश में आने के बाद पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती सुनाते हुए बताया कि नाटक देखकर लौटते समय दो युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा दिया और अपनी बाइक पर बैठा लिया. इसके बाद आरोपी उसे जंगल ले गए, जहां उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ गलत काम किया.
मेडिकल जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने बाइक नंबर के जरिए सत्यप्रकाश यादव को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है.