जशपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से पति की मौत, पत्नी-बेटा बाल-बाल बचे
जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के शेखरपुर इलाके में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान शशि कुमार नाग (40 वर्ष) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, शशि कुमार अपनी पत्नी गुरुबारी नाग और छोटे बेटे के साथ बाइक पर ससुराल कोड़ेसिया से लौट रहे थे. मुख्य सड़क पर अचानक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि शशि कुमार सड़क पर दूर तक जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे में उनकी पत्नी और बेटे को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है. दोनों किसी तरह बाल-बाल बच गए. टक्कर मारने वाला वाहन चालक हादसे के बाद फरार हो गया, जिसकी वजह से अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है.
पत्थलगांव पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है. पुलिस ने आसपास के ढाबों, सड़कों और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपी वाहन और चालक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस हादसे से जुड़ी कोई जानकारी या वीडियो है, तो वह तुरंत थाने में संपर्क करे.