जांजगीर: भीषण सड़क हादसे में स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मचारियों की मौत
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से रायपुर जा रही एक तेज रफ्तार सरकारी बोलेरो मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हो गई. नांदघाट के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से वाहन की जोरदार भिड़ंत में स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुख्य लिपिक गंभीर रूप से घायल हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचएमओ) कार्यालय से बोलेरो क्रमांक सुबह करीब 8 बजे शासकीय कार्य हेतु रायपुर के लिए निकली थी.
सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास नांदघाट के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया.
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक का कुछ हिस्सा सड़क की ओर निकला हुआ था, जिससे ओवरटेक करने या बगल से गुजरने के प्रयास में यह भीषण हादसा हुआ.
वाहन चला रहे 50 वर्षीय सत्येंद्र उपाध्याय स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए थे. हालांकि, दुर्घटना के वक्त एयरबैग भी खुले, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वे जानलेवा चोटों से नहीं बच सके. ग्रामीणों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन का दरवाजा तोड़कर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला.
हादसे में ड्राइवर सत्येंद्र और एक अन्य व्यक्ति रमेश की जान चली गई है, वहीं गंभीर रूप से घायल मुख्य लिपिक सीएल साहू को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.