जांजगीर: स्कूल में मासूम से बदसलूकी करने वाला शिक्षक गिरफ्तार
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से गुरु और शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक घटना सामने आई है. जिले के बलौदा थाना अंतर्गत खिसोरा प्राथमिक शाला में तैनात शिक्षक राकेश कुर्रे को पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है.
आरोपी शिक्षक पर आरोप है कि वह शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचा था, जहां उसने मासूम बच्ची के साथ अभद्र व्यवहार और बदसलूकी की. घटना की गंभीरता को देखते हुए जब परिजनों ने इसकी शिकायत एसडीएम सुमित बघेल से की, तो प्रशासन तुरंत हरकत में आया.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम ने जांच टीम गठित की, जिसकी रिपोर्ट में छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की पुष्टि हुई.
जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी के पास पहुंचने के बाद उनके आदेश पर स्कूल के प्रधान पाठक ने बलौदा थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी शिक्षक का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी हत्या जैसे गंभीर मामले में जेल की हवा खा चुका है. फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.